श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में हिंदी दिवस पर शिक्षक और साहित्यकार को किया सम्मानित

ऋषिकेश। श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज की प्रार्थना सभा में हिंदी दिवस अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय परिसर में हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और उसके गौरव को समर्पित विभिन्न सांस्कृतिक व साहित्यिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। समारोह में शहर की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था ‘आवाज़’ के अध्यक्ष एवं जाने-माने शिक्षाविद् अशोक क्रेजी शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में छात्र-छात्राओं को साहित्य के प्रति गहरी रुचि रखने के लिए प्रेरित किया और राष्ट्रभाषा हिंदी के ऐतिहासिक तथा वर्तमान महत्व पर प्रकाश डाला। आवाज़ साहित्यिक गौरव सम्मान से विभूषित हुए शिक्षक
हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में ‘आवाज़’ साहित्यिक संस्था द्वारा हिंदी अध्यापन और साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए विद्यालय के हिंदी शिक्षक सुखदेव कंडवाल और रेखा बिष्ट को विशेष रूप से ‘आवाज़ साहित्यिक गौरव सम्मान’ से अलंकृत किया गया।
अतिथियों और शिक्षकों का हुआ अभिनंदन कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी, शिवप्रसाद बहुगुणा,डा सुनील दत्त थपलियाल,जितेंद्र बिष्ट और जयकृत रावत ने मुख्य अतिथि अशोक क्रेजी शर्मा का स्वागत किया। उन्हें अंगवस्त्र (उत्तरीय) भेंट कर और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत, विद्यालय परिवार की ओर से हिंदी शिक्षकों का स्वागत माला पहनाकर, उत्तरीय ओढ़ाकर और पेन भेंट कर किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय के अन्य शिक्षकों और साहित्य प्रेमियों को भी सम्मानित किया गया, जिनमें प्रमुख रूप से:
सुशीला बड़थ्वाल
रेखा बिष्ट
नीलम जोशी
सुखदेव कंडवाल
रंजना
जगदम्बा प्रसाद थपलियाल
रीता पुंडीर,
रंजन अंथवाल

छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियां रहीं आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हिंदी भाषा की महत्ता को दर्शाते हुए मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी ने सफल प्रस्तुतियां देने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक, शिक्षिकाएं औरेे शिक्षणेतर कर्मचारी उपस्थित रहे ।








































