Blog

राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में दमखम दिखाएंगे रेड फोर्ट स्कूल के दो सितारे

शौर्य धौंडियाल और नोएल यादव का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन

ऋषिकेश ( राव शहजाद ) । रेड फोर्ट इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, ऋषिकेश के लिए यह अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि विद्यालय के दो होनहार विद्यार्थियों ने शूटिंग के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए चयनित होने का गौरव प्राप्त किया है। विद्यालय के छात्र शौर्य धौंडियाल (कक्षा 10वीं-B) एवं नोएल यादव (कक्षा 7वीं-A) का चयन आगामी 69वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता (NSCC), पिस्टल इवेंट्स के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल है। दोनों विद्यार्थियों ने देहरादून स्थित त्रिशूल शूटिंग रेंज में आयोजित 35वीं ऑल इंडिया जी.वी. मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में प्रतिभाग किया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न स्थानों से आए प्रतिभाशाली निशानेबाजों ने अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग लेना विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अनुभव रहा, जिसने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया।

अब शौर्य और नोएल आगामी 69वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप (पिस्टल इवेंट्स) में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। यह प्रतियोगिता 26 नवंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक मध्य प्रदेश शूटिंग अकादमी, भोपाल में आयोजित की जाएगी। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के निशानेबाज भाग लेंगे। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर विद्यालय का प्रतिनिधित्व करना दोनों विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। विद्यार्थियों की इस सफलता पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ. शूरवीर सिंह बिष्ट, प्रधानाचार्या तरंग बेली, उप-प्रधानाचार्य देवेंद्र बिष्ट एवं अकादमिक प्रमुख अमित गांधी ने हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियाँ उनकी मेहनत, अनुशासन, एकाग्रता और निरंतर अभ्यास का परिणाम होती हैं। खेलकूद विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, धैर्य, लक्ष्य के प्रति समर्पण और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता विकसित करते हैं। विद्यालय प्रबंधन ने दोनों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और अपनी उपलब्धियों से विद्यालय एवं उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे। विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता है, ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखारकर भविष्य में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर सकें।

वही शौर्य धौंडियाल और नोएल यादव की यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गौरव का क्षण है और अन्य विद्यार्थियों के लिए भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा है।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button