Blog

श्रमिकों की योजना को भाजपा के चुनावी प्रचार का माध्यम बनाना बंद करे सरकार : मोहित उनियाल

डोईवाला ( राव शहजाद ) । श्रमिकों के हित के लिए कर्मकार बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों को निष्पक्ष रूप से मिलना चाहिए, लेकिन डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में श्रमिक योजना,जिसमें श्रमिक किट वितरण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि सरकारी योजना की श्रमिक किट भाजपा कार्यकर्ताओं के माध्यम से बांटी जा रही हैं और क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला इसका राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं। परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि श्रमिकों के कल्याण के लिए सरकार द्वारा बनाई गई योजना किसी राजनीतिक दल की निजी संपत्ति नहीं है। यदि कर्मकार बोर्ड की योजना का लाभ केवल विधायक की अनुशंसा या भाजपा से जुड़े लोगों के माध्यम से दिया जा रहा है, तो यह सरकारी व्यवस्था के राजनीतिक दुरुपयोग का गंभीर मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रमिक इंस्पेक्टर और संबंधित अधिकारियों द्वारा विधायक के कहे जाने पर ही श्रमिक किट वितरित किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। वहीं जिन ग्राम पंचायतों अथवा डोईवाला नगर पालिका क्षेत्रों में निर्वाचित जनप्रतिनिधि भाजपा से जुड़े नहीं हैं, वहां पात्र श्रमिकों को योजना का लाभ नहीं दिए जाने की शिकायतें भी लगातार मिल रही हैं। मोहित उनियाल ने कहा की सरकारी योजना का लाभ किसी पार्टी के झंडे, कार्यकर्ता या विधायक की सिफारिश देखकर नहीं, बल्कि पात्रता देखकर मिलना चाहिए। गरीब और मेहनतकश श्रमिकों के हक पर राजनीति करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में केवल इसलिए योजना का लाभ रोका जा रहा है क्योंकि वहां का निर्वाचित जनप्रतिनिधि भाजपा से संबंधित नहीं है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था का अपमान और सरकार के सौतेले व्यवहार का स्पष्ट उदाहरण है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री और संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की कि डोईवाला विधानसभा में श्रमिक योजना व किट वितरण की पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए, लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक की जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि किट वितरण के लिए किस आधार पर पात्रता तय की गई। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस श्रमिकों के अधिकारों की इस लड़ाई को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाएगी।

भाजपा सरकार सरकारी योजनाओं को चुनावी लाभ और पार्टी प्रचार का साधन बनाना बंद करे। श्रमिकों का हक किसी विधायक या भाजपा कार्यकर्ता की कृपा नहीं, बल्कि उनका अधिकार है

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button