Blog

बालिकाओं को मिली स्वास्थ्य, सुरक्षा व करियर की महत्वपूर्ण जानकारी

पौड़ी ( राव शहजाद ) । बाल विकास परियोजना दुगड्डा द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कोटद्वार में “अफसर बिटिया” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी वर्षा भारद्वाज ने की। कार्यक्रम में डॉ. योगिता कोठियाल ने बालिकाओं को स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं बेहतर करियर विकल्पों के संबंध में जानकारी दी। पुलिस विभाग की एंटी ट्रैफिकिंग यूनिट से उप निरीक्षक सुमनलता ने बालिकाओं को सुरक्षा, नशे से दूर रहने तथा अंजान व्यक्तियों से सतर्क रहने के प्रति जागरुक किया। वहीं हेड कांस्टेबल विमला नेगी ने साइबर क्राइम से बचाव एवं ऑनलाइन सुरक्षा के उपायों पर विस्तृत जानकारी साझा की। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राकेश चंद्र बिडालिया ने बालिकाओं को पॉक्सो अधिनियम की जानकारी दी, जबकि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संदीप बिष्ट ने बालिकाओं को उनके विधिक अधिकारों एवं विभिन्न प्रकार के अपराधों के प्रति जागरुक किया।
सीडीपीओ नेहा बेलवाल ने “अफसर बिटिया” कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बालिका शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया तथा करियर काउंसलिंग के माध्यम से बालिकाओं का मार्गदर्शन किया। साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी ने बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए उन्हें भविष्य के करियर विकल्पों के बारे में उपयोगी जानकारी प्रदान की। इस दौरान “मेरे सपनों की उड़ान” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को पुरस्कृत किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य बबीता ध्यानी ने बालिकाओं से शिक्षा निरंतर जारी रखने का आह्वान किया तथा विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी।

सुपरवाइजर संतोषी गुसाईं ने विभागीय योजनाओं के बारे में अवगत कराया। मौके पर संचालन सुपरवाइजर शिवाली द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button