विधायक प्रेमचंद ने कवर्ड कंडक्टर एवं 33 केवी विद्युत लाइन का किया लोकार्पण

रायवाला ( राव शहजाद ) ।बऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने रायवाला विद्युत सब स्टेशन में 1.50 करोड़ रुपये की लागत से रायवाला से हरिपुर कला तक लिंक वेयर कंडक्टर के स्थान पर स्थापित कवर्ड कंडक्टर एवं 33 केवी विद्युत लाइन के लोकार्पण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया है । इस अवसर पर क्षेत्रीय जनता ने अग्रवाल का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना और आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में यह कार्य महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा कि बरसात एवं आपातकालीन परिस्थितियों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने की समस्या से क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी। अब रायवाला से हरिपुर कला तक वैकल्पिक विद्युत आपूर्ति का मार्ग उपलब्ध होने से क्षेत्र में बिजली व्यवस्था अधिक सुचारु बनाने में मदद मिलेगी।
वही प्रतीतनगर के ग्राम प्रधान राजेश जुगलान ने कहा कि बरसात के दिनों में आईडीपीएल से जंगल के रास्ते रायवाला तक आने वाली विद्युत लाइन पर पेड़ गिरने अथवा नदी के तेज बहाव से क्षति पहुंचने के कारण बिजली आपूर्ति ठप हो जाती थी। इससे रायवाला, प्रतीत नगर, गौहरी माफी एवं खांड गांव सहित चार ग्राम सभाओं के हजारों लोग प्रभावित होते थे। अब रायवाला से हरिपुर कला तक इस लाइन के जुड़ने से आपातकालीन परिस्थितियों में क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति जारी रखने में काफी मदद मिलेगी। वहीं, रायवाला ग्राम प्रधान सागर गिरी ने कहा कि प्रेमचंद अग्रवाल क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं। विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारना उनकी कार्यशैली का हिस्सा रहा है।

मौके पर विद्युत विभाग की कनिष्क अभियंता नीतू सिंह, रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत, गौहरी माफी ग्राम प्रधान ज्योति सेमवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य अंकित खंकरियाल, राजेंद्र तिवारी, राहुल अग्रवाल, सुषमा नाकोटी, शिवानी बिष्ट, मनोज डंगवाल, कमल सिंह नेगी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष शुभम मनराल, अजय साहू सहित अन्य उपस्थित रहे।
[banner id="1202"]






































