Blog

महापौर ने मुंबई के वैश्विक मंच पर उठाया ऋषिकेश की रंभा नदी केसंरक्षण एवं पुनर्जीवन का मुद्दा

ऋषिकेश/मुंबई । मुंबई के होटल फेयरमॉन्ट (Fairmont) में आयोजित दो दिवसीय 3rd World Mayor Meeting में नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शम्भू पासवान ने प्रतिभाग कर वैश्विक मंच पर ऋषिकेश की पर्यावरणीय धरोहर रंभा नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। देश-विदेश से आए विभिन्न शहरों के महापौरों, जनप्रतिनिधियों एवं विशेषज्ञों के बीच महापौर ने शहरी नदी प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण तथा नदियों के पुनर्जीवन के लिए संस्थागत समन्वय की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के ‘City Perspective-I’ सत्र में वक्ता के रूप में महापौर श्री शम्भू पासवान ने ऋषिकेश की रंभा नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि शहरी विकास के साथ प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नदियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं अविरल बनाए रखने, पर्यावरणीय संतुलन कायम रखने तथा प्रकृति-आधारित समाधानों को शहरी नियोजन का हिस्सा बनाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला है । महापौर ने कहा कि ऋषिकेश की प्राकृतिक धरोहरों का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। रंभा नदी जैसी स्थानीय जलधाराओं का संरक्षण न केवल पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह शहर के सतत विकास और भावी पीढ़ियों के बेहतर भविष्य से भी जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश की पर्यावरणीय चुनौतियों और नदी पुनर्जीवन से जुड़े विषयों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर रखने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। दिवसीय इस वैश्विक बैठक में महापौर शम्भू पासवान द्वारा ऋषिकेश की रंभा नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन का विषय उठाए जाने से शहर की पर्यावरणीय प्राथमिकताओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर मिला। यह पहल स्थानीय प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण, सतत शहरी विकास और पर्यावरण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस सत्र का संचालन राष्ट्रीय नगर कार्य संस्थान (NIUA) के राहुल सचदेवा ने किया।

सत्र में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) के उप महानिदेशक नलिन श्रीवास्तव, ऋषिकेश के महापौर शम्भू पासवान, अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (IUCN) के यशवीर भटनागर तथा NIUA के शैलो एक्विफर मैनेजमेंट (SAM) कार्यक्रम के प्रमुख उदय भोंडे सहित विभिन्न विशेषज्ञों ने शहरी नदी प्रबंधन, नदी संरक्षण, प्रकृति-आधारित समाधान एवं शहरी नियोजन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button