खुद को किंग ऑफ उत्तराखंड कहने वाले को दून पुलिस लायी घुटनो पर, पहुँचाया सलाखों के पीछे

ऋषिकेश । ऋषिकेश में आतंक का पर्याय बने और खुद को किंग ऑफ उत्तराखण्ड कहने वाले कुख्यात जगजीत उर्फ जग्गा के साम्राज्य को दून पुलिस ने ध्वस्त कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देशों पर संगठित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा सहित 3 अभियुक्तों को गैंगस्टर एक्ट में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि एक फरार है। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस जांच में सामने आया कि गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा (39) निवासी मायाकुण्ड, चन्द्रेश्वर मार्ग ने अपने साथियों प्रणव उर्फ राघव बत्रा, दीपेश कुमार और रवि गुप्ता के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह बना रखा था।
इस गिरोह का तरीका बेहद शातिर था। यह लोग क्षेत्र में होने वाले जमीन के विवादों और पारिवारिक झगड़ों में जबरन घुस जाते थे। पहले दोनों पक्षों को डराते-धमकाते, फिर विवाद सुलझाने के नाम पर मोटी रकम की अवैध वसूली करते थे। जो इनकी बात नहीं मानता, उसके घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देना, उसकी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना इनका रोज का काम था।
गिरोह ने इलाके में दहशत का ऐसा माहौल बना दिया था कि आम लोग इनके खिलाफ थाने में शिकायत करने से भी कतराते थे।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जग्गा और उसके गैंग पर साल 2016 से 2026 के बीच मारपीट, एससी/एसटी एक्ट, आबकारी अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, आईटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में करीब 11 मुकदमे दर्ज हैं। लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों और जनता में फैले भय को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने इन पर गैंगस्टर एक्ट में कार्यवाही के निर्देश दिए थे। सक्षम न्यायालय से अनुमोदन मिलने के बाद कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा अपराध संख्या 405/2026 धारा 2(ख)(i), 2(ख)(iii)/3 गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वही घर से KING OF उत्तराखण्ड” का बोर्ड मिला है।
कार्यवाही के दौरान पुलिस ने गैंग लीडर जगजीत की निशानदेही पर उसके घर से “KING OF उत्तराखण्ड” लिखा हुआ बोर्ड भी बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि इसी बोर्ड के रौब से वह लोगों पर अपना प्रभाव दिखाता था। पुलिस ने जगजीत उर्फ जग्गा (39) पुत्र हरविन्द्र सिंह – गैंग लीडर, प्रणव उर्फ राघव बत्रा (20) पुत्र स्व.अश्वनी बत्रा, निवासी सोमेश्वर नगर, दीपेश कुमार (27) पुत्र स्व. चरण नाथ, निवासी कृष्णानगर कॉलोनी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है जबकि गिरोह का चौथा सदस्य रवि गुप्ता पुत्र सुरेश चन्द्र गुप्ता निवासी शिवाजी नगर अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिह बिष्ट प्रभारी कोतवाली ऋषिकेश, निरीक्षक राकेश गुसाईं, प्रभारी निरीक्षक डोईवाला (विवेचक), वरिष्ठ उनि नवीन जोशी, उनि देवेन्द्र पंवार, उनि जगमोहन सिह, उनि विकसित पंवार, उनि बिनेश कुमार, उन राजनारायण कोतवाली डोईवाला, हेड कांस्टेबल सन्दीप राठी, राकेश पंवार, कांस्टेबल तेजपाल सिह शामिल थे ।
[banner id="1202"]








































