Blog

मेजर दुर्गा मल्ल का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा : अग्रवाल

ऋषिकेश ( राव शहजाद ) । मेजर दुर्गा मल्ल के बलिदान दिवस पर वीर गोर्खा कल्याण समिति एवं शहीद दुर्गा मल्ल विकास समिति द्वारा डोईवाला में आयोजित कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग किया। उन्होंने नगर पालिका सभागार में स्थापित मेजर दुर्गा मल्ल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके उपरांत क्षेत्रीय लोगों एवं कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस के रूप में शहीद दुर्गा मल्ल चौक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि मेजर दुर्गा मल्ल का जीवन साहस, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल है। उन्होंने बताया कि मेजर दुर्गा मल्ल का जन्म 1 जुलाई 1913 को डोईवाला के घिस्सरपड़ी में गंगाराम मल्ल छेत्री एवं पार्वती देवी छेत्री के घर हुआ था। मात्र 18 वर्ष की आयु में वर्ष 1931 में वे गोरखा राइफल की 2/1 बटालियन में भर्ती हुए। अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 1944 में आजाद हिंद फौज के लिए महत्वपूर्ण सूचनाएं एकत्र करते समय मेजर दुर्गा मल्ल को शत्रु सेना ने मणिपुर में पकड़ लिया। देश की स्वतंत्रता के लिए अदम्य साहस का परिचय देते हुए उन्होंने किसी भी परिस्थिति में अपने संकल्प से समझौता नहीं किया और 25 अगस्त 1944 को उन्हें फांसी के फंदे पर चढ़ा दिया गया। उन्होंने कहा कि मेजर दुर्गा मल्ल का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले ऐसे वीर सपूतों के जीवन एवं संघर्ष से आने वाली पीढ़ियों को परिचित कराना हम सभी का दायित्व है।

मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, भाजपा ऋषिकेश जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, गोरखाली सुधार सभा अध्यक्ष के.के. थापा, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष दीपक थापा, सरिता गुरुंग, ईश्वर चंद अग्रवाल, विशाल थापा, कमल थापा सहित अन्य उपस्थित रहे।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button