बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का भाजपा सरकार पर हमला किया पुतला दहन

ऋषिकेश ( राव शहजाद ) । देश में चीनी, पेट्रोल सहित रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों और देशव्यापी महंगाई के विरोध में आज महानगर कांग्रेस कमेटी ऋषिकेश के कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र और महिला अध्यक्ष पुष्पा मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों का खामियाजा आज आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल के दाम बढ़ने से परिवहन और हर जरूरी वस्तु महंगी हो रही है, वहीं चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी ने आम परिवारों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि इथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने के बढ़ते उपयोग ने चीनी मिलों के लिए उपलब्ध गन्ने और चीनी उत्पादन पर भी दबाव बढ़ाया है। सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इथेनॉल नीति का लाभ किसे मिल रहा है और इसका असर किसानों, चीनी मिलों तथा आम उपभोक्ताओं पर किस रूप में पड़ रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि गन्ने के उपयोग और चीनी उत्पादन के बीच संतुलन बिगड़ने से भविष्य में चीनी की उपलब्धता और कीमतों पर और दबाव पड़ सकता है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव जयेंन्द्र रमोला एवं दीप शर्मा ने कहा कि देश में एक ओर पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ रहे हैं और दूसरी ओर खाद्य पदार्थों की कीमतें लगातार आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इथेनॉल के लिए गन्ने की बढ़ती खपत के कारण चीनी उत्पादन में कमी और बाजार में उपलब्धता पर पड़ने वाले प्रभाव की सरकार को गंभीरता से समीक्षा करनी चाहिए। किसानों को गन्ने का उचित मूल्य और उपभोक्ताओं को उचित कीमत पर चीनी उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार को महंगाई के वास्तविक कारणों पर पर्दा डालने के बजाय पेट्रोलियम पदार्थों और आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द अंकुश नहीं लगाया गया तो कांग्रेस आम जनता के हित में अपना आंदोलन और तेज करेगी।

मौके पर राकेश सिंह, महंत विनय सारस्वत, मदन मोहन शर्मा, चंदन सिंह पवार भगवान सिंह पवार, परमेश्वर राजभर, रुकम पोखरियाल, मदन शर्मा, संजय भारद्वाज, ऋषि सिंघल, बृजभूषण बहुगुणा, भूपेंद्र राणा, मधु मिश्रा, अंबिका देवी, उमा ओबेरॉय, मधु जोशी, जयपाल बिट्टू रजनीकांत, शशि शरण, अशोक शर्मा, पवन कुमार शर्मा, विनोद राठौड़ सहित अन्य उपस्थित रहे।
[banner id="1202"]








































