ऋषिकेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बहुउद्देशीय एवं चिकित्सा शिविर संपन्न, 379 नागरिकों ने कराया पंजीकरण

ऋषिकेश ( राव शहजाद ) । उत्तराखंड सरकार के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत नगर निगम ऋषिकेश द्वारा 15 अक्टूबर को चन्द्रेश्वर नगर स्थित रजत जयंती पार्क में बहुउद्देशीय एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी देहरादून के निर्देशों के क्रम में आयोजित शिविर में कुल 379 नागरिकों ने पंजीकरण कराकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया है । गुरुवार को शिविर का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री एवं प्रभारी मंत्री ‘सेवा संकल्प अभियान’ सुबोध उनियाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल एवं राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। ऐसे शिविर आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने शिविर को जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने में सुविधा मिलती है। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि ऐसे शिविर महिलाओं, बुजुर्गों एवं जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा उन्हें लाभान्वित करने की दिशा में प्रभावी पहल हैं।
महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि नगर निगम ऋषिकेश जनहित एवं जनसेवा के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शासन की योजनाओं को प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से आमजन की समस्याओं के समाधान में तेजी आती है और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहूलियत मिलती है। शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को आवेदन एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में सहायता प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से नागरिकों को चिकित्सा जांच एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री स्वनिधि (PM SVANidhi) योजना के अंतर्गत पात्र पथ-विक्रेताओं को ऋण उपलब्ध कराने एवं योजना के क्रियान्वयन में सराहनीय योगदान देने वाले बैंक प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।

इस पहल का उद्देश्य बैंकिंग संस्थानों के सहयोग को प्रोत्साहित करना तथा रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयासों को गति देना रहा। मौके पर उप नगर आयुक्त अंकिता जोशी, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट, सिटी मिशन मैनेजर वरुण मल्होत्रा सहित उपस्थित रहे ।
[banner id="1202"]






























