50वें सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन विकास मेले में सत्संग का किया आयोजन

नरेंद्रनगर । 50वें सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन विकास मेले के पांचवें दिन स्वर्गीय सौगन सिंह नेगी सामुदायिक भवन में संत निरंकारी मिशन की ओर से सत्संग का आयोजन किया गया। सत्संग में दिल्ली से पहुंचे मुख्य वक्ता एवं ज्ञान प्रचारक महात्मा इंद्रजीत सिंह ने प्रेम, सद्भाव, अच्छे संस्कारों और गुरु की महत्ता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मानव जीवन की वास्तविक सफलता एक-दूसरे से प्रेम और आपसी भाईचारे को मजबूत करने में है। युवाओं और बच्चों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि पहले अपने परिवार के बड़ों का सम्मान करें और अच्छे संस्कारों को अपनाएं, क्योंकि संस्कार ही मनुष्य के वास्तविक आभूषण होते हैं, न कि धन-दौलत या बाहरी दिखावा। कहा कि गुरु के मार्गदर्शन के बिना आध्यात्मिक कल्याण संभव नहीं है। “जैसी दृष्टि, वैसी सृष्टि” का संदेश देते हुए उन्होंने सकारात्मक सोच और प्रत्येक कार्य को पूरे मनोयोग और समर्पण से करने की प्रेरणा दी।

मौके पर जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह, गब्बर सिंह चौहान, नरेंद्रनगर संयोजक कल्याण सिंह नेगी सहित विभिन्न स्थानों से आए संयोजक, मुखी महात्मा व संत मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन ज्योति नेगी ने किया ।
[banner id="1202"]






























