डॉ. नीरजा गोयल को मुख्यमंत्री ने ‘शाइनिंग स्टार ऑफ उत्तराखंड’ सम्मान से किया सम्मानित

ऋषिकेश ( राव शहजाद ) । नीरजा देवभूमि चैरिटेबल ट्रस्ट, ऋषिकेश की संस्थापक, दिव्यांग समाजसेवी एवं पैरा इंटरनेशनल बैडमिंटन खिलाड़ी डॉ. नीरजा गोयल को समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उत्तराखंड सरकार के प्रतिष्ठित सम्मान शाइनिंग स्टार ऑफ उत्तराखंड 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रदान किया गया। डॉ. नीरजा गोयल खेल एवं समाज सेवा, दोनों क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुकी हैं। उन्होंने पैरा इंटरनेशनल बैडमिंटन खिलाड़ी के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व कर पदक प्राप्त किए हैं तथा समाज सेवा के माध्यम से जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का निरंतर प्रयास किया है। वही नीरजा देवभूमि चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा एवं कंप्यूटर शिक्षा प्रदान की जा रही है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई प्रशिक्षण तथा जरूरतमंद बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क फिजियोथेरेपी सेवाएँ भी संचालित की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त, ट्रस्ट द्वारा दिव्यांगजनों के सहयोग एवं जनकल्याण के लिए विभिन्न सामाजिक शिविरों और सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर डॉ. नीरजा गोयल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी माता , छोटी बहन नूपुर, सहयोगियों एवं सभी शुभचिंतकों का भी उनके स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग के लिए धन्यवाद किया। डॉ. नीरजा गोयल ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ निभाने की प्रेरणा है। उनका संकल्प है कि ट्रस्ट के माध्यम से शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, दिव्यांगजन कल्याण और बुजुर्गों की सेवा के कार्य निरंतर आगे बढ़ाए जाएँ।

शाइनिंग स्टार ऑफ उत्तराखंड’ सम्मान डॉ. नीरजा गोयल के सेवा, समर्पण और खेल के प्रति उनके योगदान का गौरवपूर्ण प्रतीक है। यह उपलब्धि ऋषिकेश और उत्तराखंड के लिए भी गर्व का विषय है।
[banner id="1202"]






























