पुलिस ने नीलकंठ मार्ग पर हुई महिला की हत्या का किया खुलासा , दो महिलाओं सहित एक शख्स को हरियाणा से दबोचा
ऋषिकेश ( राव शहजाद ) । हरियाणा से घूमने ऋषिकेश आए तीन लोगों की ट्रिप ने उन्हें जेल पहुंचा दिया है। दरअसल, ऋषिकेश में इन्होंने एक महिला की हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस ने 2 महिलाओं और एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।
बीते सोमवार को पुलिस को नीलकंठ मार्ग पर झाड़ियों में एक महिला का शव मिला था। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे लेकर जांच शुरू की थी। जांच में सामने आया था कि हरियाणा से कुछ लोग ऋषिकेश (नीलकंठ) घूमने आए थे, लेकिन यहां पर उन्होंने एक महिला का गला घोंट कर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने इस घटना को अंजाम देने वाली दो महिलाओं सहित एक शख्स को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर मामले का खुलासा किया है। जानकारी के अनुसार सोमवार को नीलकंठ मार्ग पर झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिला था। उसके गले में दुपट्टा बंधा हुआ था। मृतका की पहचान लगभग 28 वर्षीय अनीता देवी पत्नी उमेश यादव निवासी करमपुर थाना तीसली जिला गिरीडिह झारखंड के रूप में हुई है। उसकी हत्या करने वालों की पहचान ओमवीर, ममता और बबीता देवी के रूप में हुई है। जिन्हें पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पता चला कि बबीता के पति रणजीत के अनीता के साथ अवैध संबंध थे। इसके चलते वह बबीता के साथ अक्सर मारपीट किया करता था। इससे बबीता और उसकी ननद ममता काफी परेशान रहती थी। ममता गुरुग्राम में घरों में खाना बनाने का काम किया करती थी। इनमें से एक घर में ओमवीर ड्राइवर की नौकरी करता था। ओमवीर के ममता के साथ संबंध थे।
उसने यह परेशानी ओमवीर को बताई। इसके बात तीनों ने अनीता की जान लेने की साजिश रची। इसके तहत ममता ने पहले अपने भाई रणजीत, भाभी बबीता और मृतका अनीता व बच्चों को अपने पास सेक्टर 15 गुरुग्राम अपने पास बुलाया और फिर ऋषिकेश नीलकंठ दर्शन का प्लान बनाया। ओमवीर ने अपने पड़ोसी अशोक से गाड़ी मांग ली। अशोक भी उनके साथ ऋषिकेश गया था। अशोक अपने ड्राईवर अमित के साथ इनको लेकर ऋषिकेश आया और इन चारों को जानकी पुल पार्किंग में छोड़ दिया। यह दोनों जानकी पुल के पास ही रुक गए और स्नान आदि किया। नीलकंठ दर्शन के पश्चात वापसी में पैदल मार्ग पर बबीता, ममता और ओमवीर ने अनीता की गला घोटकर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंक दिया ।