Blog

नगर निगम ऋषिकेश में नवनियुक्त नामित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

ऋषिकेश | नगर निगम ऋषिकेश कार्यालय परिसर में नवनियुक्त नामित पार्षदों के पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण का गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। समारोह में महापौर शम्भू पासवान द्वारा सभी नवनियुक्त नामित पार्षदों को विधिवत पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। उत्तराखण्ड शासन के शहरी विकास अनुभाग द्वारा उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत नगर निगम ऋषिकेश के लिए जितेन्द्र पाल पाठी, सोनू पाण्डे, पूनम डोभाल, आशु अरोड़ा, गौरव कांत कैंथोला, सुमन रावत, ऋषि राजपूत एवं कमल शर्मा को नाम निर्दिष्ट सदस्य के रूप में नामित किया गया है। शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत महापौर शम्भू पासवान ने सभी नवनियुक्त नामित पार्षदों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तीर्थनगरी ऋषिकेश के समग्र एवं चहुंमुखी विकास में जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, मूलभूत सुविधाओं में सुधार तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। महापौर ने नवनियुक्त सदस्यों से आह्वान किया कि वे जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा नगर निगम क्षेत्र के विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।

नवनियुक्त नामित पार्षदों ने उत्तराखण्ड शासन एवं महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करते हुए नगर के विकास एवं नागरिकों की सेवा के लिए कार्य किया जाएगा।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button