Blog

दुकानों के किराये में अनियमित वृद्धि करने पर व्यपारियों ने नगर आयुक्त के समक्ष दर्ज किया विरोध

ऋषिकेश । व्यापार प्रतिनिधिमंडल ऋषिकेश के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम कार्यालय में नगर आयुक्त विजयनाथ शुक्ल से मुलाकात कर निगम की दुकानों के किराये में की गई अनियमित वृद्धि पर गहरा रोष व्यक्त किया और तत्काल राहत की मांग की है । व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने कहा कि नगर निगम द्वारा दुकानों का किराया 15-20 हजार रुपये तक बढ़ाया जाना व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ है। उन्होंने कहा, “व्यापार की वर्तमान स्थिति ऐसी नहीं है कि व्यापारी इतना भारी किराया वहन कर सकें। व्यापारी लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं। नगर निगम का यह एकतरफा निर्णय किसी भी सूरत में मान्य नहीं होगा।

महामंत्री प्रतीक कालिया ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त के समक्ष स्पष्ट मांग रखी है कि व्यापारियों को जारी किए गए किराया वृद्धि के नोटिस तत्काल वापस लिए जाएं और अनियमित रूप से बढ़ाए गए किराये में उचित राहत प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि यदि निगम द्वारा जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया तो व्यापार मंडल आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस अवसर पर व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अन्य पदाधिकारी, ऋषिकेश के वरिष्ठ व्यापारीगण तथा नगर निगम ऋषिकेश के सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने आशा व्यक्त की है कि नगर आयुक्त व्यापारियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र न्यायोचित निर्णय लेंगे।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button