Blog

ग्रामीणों ने न्यूनतम दरों पर पेयजल उपलब्ध कराने के संबंध में विधायक को सौंपा ज्ञापन

ऋषिकेश ( राव शहजाद ) ।ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल से उनके ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में ग्राम सभा प्रतीत नगर-रायवाला क्षेत्र के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान राजेश जुगलान के नेतृत्व में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान ग्रामीणों ने विश्व बैंक पोषित प्रतीत नगर अर्धनगरीय पेयजल योजना के अंतर्गत जल आपूर्ति शुल्क में कमी करने, पेयजल देयकों की समीक्षा करने तथा न्यूनतम दरों पर पेयजल उपलब्ध कराने के संबंध में ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए प्रेमचंद अग्रवाल ने तत्काल पेयजल सचिव रणवीर चौहान से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने सचिव से ग्रामीणों की समस्या का संज्ञान लेते हुए पेयजल शुल्क में राहत प्रदान करने तथा देयकों की समीक्षा के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है । अग्रवाल ने कहा कि सरकार का काम जनता को राहत देना है। ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़े विषयों पर आमजन को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। वही ग्राम प्रधान राजेश जुगलान ने बताया की ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर सदैव तत्पर है , हर संभव प्रयास किये जायेंगे ।

मौके पर उप प्रधान सुषमा नकोटी, जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य बबीता रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य ऋषि राम शर्मा, पंचायत सदस्य स्वाती बिष्ट, पंचायत सदस्य मेघा चौहान, नवीन चमोली, यशवंत बिष्ट, आशीष उनियाल, गोपाल रावत अन्य उपस्थित रहे।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button