पीएम श्री केवी के विद्यार्थियों ने किया क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र का शैक्षिक भ्रमण

रायवाला ( राव शहजाद ) । पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय, रायवाला छठवीं कक्षा से लेकर नवी कक्षा तक विद्यार्थियों के लिए क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र, देहरादून का शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास करना तथा कक्षा शिक्षण को अनुभवात्मक अधिगम से जोड़ना था। निर्धारित समय पर छात्र-छात्राएँ शिक्षकों के मार्गदर्शन में विज्ञान केंद्र पहुँचे। वहाँ विद्यार्थियों ने भौतिकी, जीवविज्ञान, गणित, अंतरिक्ष विज्ञान तथा पर्यावरण विज्ञान से संबंधित विभिन्न गैलरियों का अवलोकन किया। गति, विद्युत, प्रकाश, मानव शरीर रचना एवं वैज्ञानिक सिद्धांतों पर आधारित कार्यशील मॉडलों ने विद्यार्थियों को अत्यंत आकर्षित किया। विज्ञान प्रदर्शन शो तथा 3-डी शो विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से ज्ञानवर्धक एवं रोचक रहे। विद्यार्थियों ने विभिन्न मॉडलों एवं उपकरणों का स्वयं प्रयोग कर वैज्ञानिक सिद्धांतों को व्यावहारिक रूप से समझा। इस भ्रमण से उनमें जिज्ञासा, तार्किक सोच एवं अवलोकन क्षमता का विकास हुआ। साथ ही उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के दैनिक जीवन में महत्व की जानकारी प्राप्त हुई।

विज्ञान केंद्र के कर्मचारियों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया तथा सभी मॉडलों की कार्यप्रणाली को विस्तार से समझाया। विद्यार्थियों का अनुशासन एवं उत्साह सराहनीय रहा। शैक्षिक भ्रमण अत्यंत सफल, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ। भ्रमण प्रभारी शिक्षक:
शशि डावरा, रमाया खान,
संजीव उपाध्याय, रामचंद्र रावत तिलक राज, मनमोहन नेगी, अलका नेगी, रेखा अन्य उपस्थित रहे।




























