व्यापार बचाने हेतु ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर अन्य ट्रेनों का किया जाय संचालन : रमोला

ऋषिकेश ( राव शहजाद ) । कांग्रेस जयेंद्र रमोला के नेतृत्व में ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के संचालन की मांग को लेकर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) मुरादाबाद के नाम स्टेशन अधीक्षक ऋषिकेश को ज्ञापन सौंपा गया। काग्रेस नेता जयेन्द्र रमोला ने कहा कि ऋषिकेश रेलवे स्टेशन एक ऐतिहासिक एवं 100 वर्ष से अधिक पुराना रेलवे स्टेशन है, लेकिन वर्तमान समय में यहां केवल पैसेंजर ट्रेनों का ही संचालन हो रहा है। जबकि अधिकांश महत्वपूर्ण ट्रेनों को योग नगरी रेलवे स्टेशन से संचालित किया जा रहा है, जो शहर से काफी दूर स्थित है। इससे स्थानीय व्यापारियों, ऑटो-रिक्शा चालकों, छोटे व्यापारियों एवं आम नागरिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। नगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष ऋषिकेश ललित मोहन मिश्रा ने कहा कि योग नगरी स्टेशन शहर से दूर होने के कारण यात्री सीधे बाजार क्षेत्र तक नहीं पहुंच पाते, जिसका असर स्थानीय व्यापार पर साफ दिखाई दे रहा है। व्यापार सभा लंबे समय से इस मांग को उठा रही है कि ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से ट्रेनों का संचालन बढ़ाया जाए। हमें उम्मीद है कि रेलवे प्रशासन जनभावनाओं को समझते हुए सकारात्मक निर्णय लेगा। व्यापारी नेता रवि जैन व वरिष्ठ व्यापारी विवेक तिवारी सीकरी ने कहा कि कि ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से भी कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन पुनः प्रारंभ किया जाए, ताकि यात्रियों को सुविधा मिल सके और शहर के बाजारों एवं व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल पाए। जैन के बताया कि ऋषिकेश रेलवे स्टेशन शहर की पहचान और वर्षों पुरानी विरासत है। आज व्यापारियों और स्थानीय लोगों की आजीविका सीधे तौर पर रेलवे संचालन से जुड़ी हुई है। यदि महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन पुनः ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से शुरू किया जाता है तो इससे स्थानीय व्यापार को नई गति मिलेगी और आम जनता को भी राहत मिलेगी। ज्ञापन सौंपने वालों में व्यापार मंडल के पदाधिकारी, स्थानीय व्यापारी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

ज्ञापन सौंपने वालों में कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह, ललितमोहन मिश्र, पूर्व मंडी सभापति राकेश अग्रवाल, रवि जैन, पार्षद देवेंद्र कुमार प्रजापति, पार्षद सरोजनी थपलियाल, पार्षद भगवान सिंह पंवार,परीक्षित मेहरा, मदन शर्मा, बी एस पयाल, राजेंद्र कोठारी, विवेक तिवारी, नितेश कुमार, राजकुमार मारवाह, जगमीत सिंह, अशोक सीकरी, विकास ग्रोवर, नवीन गांधी, विपुल चुग, दीपक बंसल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष हिमांशु कश्यप, अजय दिवाकर, सुयोग्य मिश्रा, ओम सिंह पंवार अन्य मौजूद थे।





























