Blog

राजीव गांधी जयंती पर कॉंग्रेस कार्यकर्ताओं ने की श्रद्धांजलि सभा

ऋषिकेश ( राव शहजाद ) । पूर्व प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने स्वर्गीय राजीव गांधी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। महानगर कांग्रेस कमेटी ऋषिकेश के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी ने देश को आधुनिक, आत्मनिर्भर और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने युवाओं को देश की प्रगति में भागीदारी का अवसर दिया तथा पंचायती राज, संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में दूरदर्शी पहल की। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी जी का सपना एक मजबूत, आधुनिक और प्रगतिशील भारत का था, जिसे आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। आज आवश्यकता है कि हम उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लें। वहीं पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं प्रदेश महासचिव जयेंद्र चंद रमोला ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी जी ने देश के युवाओं को नई सोच और नई दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने 21वीं सदी के भारत की नींव रखने के लिए विज्ञान, तकनीक, शिक्षा और संचार के क्षेत्र में दूरदर्शी कदम उठाए। पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने और युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक भागीदारी देने की उनकी सोच आज भी प्रासंगिक है। जयेंद्र रमोला ने कहा कि राजीव गांधी जी का जीवन हमें सिखाता है कि देश की प्रगति के लिए आधुनिक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना आवश्यक है। उनकी जयंती पर हम सभी को उनके सपनों के भारत के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी स्वर्गीय राजीव गांधी जी के विचारों और उनके द्वारा दिखाए गए विकास एवं जनसेवा के मार्ग पर चलते हुए देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। मौके पर मदन मोहन शर्मा ,दीप शर्मा,obc सेल के जिलाध्यक्ष संजय भारद्वाज,sc सेल के अध्यक्ष सूरत सिंह कोहली, रूकम पोखरियाल,राकेश सिंह, मनोज गुसाईं, सुनीता बंसल सहित अन्य उपस्थित रहे।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button