मुनिकीरेती में ब्रेक फेल से बच्चों से भरी बस दीवार से टकराई

ऋषिकेश । मुनिकीरेती के पीडब्ल्यूडी तिराहे पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। बच्चों से भरी एक बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। गनीमत रही कि थाना मुनिकीरेती पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। इस दुर्घटना में चालक, हेल्पर और स्कूल की प्रधानाचार्य को हल्की चोटें आईं। यह जानकारी देते हुए एसडीआरएफ ढालवाला के प्रभारी निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने बताया कि प्रातः लगभग 09:40 बजे बस संख्या UP 83 AT 8300 पीडब्ल्यूडी तिराहा पर पहुंची थी। बस को चालक जयप्रकाश पुत्र ब्यासीलाल निवासी ग्राम गढ़ी पुरानी, थाना नारखी, जनपद फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश चला रहे थे। तिराहे पर अचानक ब्रेक फेल होने से बस अनियंत्रित होकर दीवार से जा टकराई।
बस में पंडित तिलक भानु सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फिरोजाबाद के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक सवार थे। यह सभी फिरोजाबाद से लक्ष्मणझूला क्षेत्र में स्नान एवं भ्रमण के लिए आए हुए थे। दुर्घटना के समय बस में कुल 30 व्यक्ति सवार थे। बताया कि सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती पुलिस तत्काल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाया। पुलिस टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस में सवार सभी बच्चों एवं अन्य व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। दुर्घटना में बस चालक जयप्रकाश, हेल्पर अवधेश तथा विद्यालय की प्रधानाचार्य रजनी सारस्वत को हल्की चोटें आईं। पुलिस ने तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। अन्य सभी बच्चों एवं शिक्षकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। वही पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सभी स्कूली बच्चों के ठहरने की व्यवस्था मधुबन आश्रम में कराई तथा उनके लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था भी सुनिश्चित की। पुलिस शिक्षकों एवं संबंधित व्यक्तियों के साथ समन्वय कर बच्चों की सुरक्षा एवं देखभाल सुनिश्चित कर रही है। उल्लेखनीय है कि इस बस में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां होने पर पूर्व में एआरटीओ श्रीमती रश्मि पंत ने कार्रवाई करते हुए 21 अतिरिक्त सवारियों को बस से उतरवाया था तथा ओवरलोडिंग के कारण बस का चालान भी किया गया था।
वहीं पीडब्ल्यूडी तिराहा क्षेत्र में सड़क पर अत्यधिक ढलान होने के कारण पूर्व में भी इस प्रकार की दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।

इस समस्या को लेकर पुलिस द्वारा संबंधित विभाग को पूर्व में ही पत्राचार कर सड़क को दुरुस्त कराने हेतु पत्र भेजा जा चुका है। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई एवं जांच शुरू कर दी ।
[banner id="1202"]







































