Blog

मुख्यमंत्री ने जोशीमठ में भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के लिए मांगे वोट

 

देहरादून ( राव शहजाद ) । मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने जोशीमठ में जनसभा के माध्यम से गढ़वाल सीट पर भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के लिए वोट अपील की। कहा कि ऋषिकेश से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आप सभी के लिए प्रणाम और राम-राम भेजा है। दावा किया कि गढ़वाल सीट पर भाजपा की जीत में बदरीनाथ विधानसभा का सबसे बड़ा योगदान रहेगा।

रोड शो के बाद टैक्सी स्टैंड पर आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा कि भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी का संकल्प इस पूरे लोकसभा क्षेत्र की सेवा करना है। राज्यसभा सांसद के तौर पर अनिल बलूनी ने कई कार्य इस क्षेत्र में किए हैं। कहा जनता का हर वोट सीधा प्रधानमंत्री को जाएगा। कहा आपदा के दौरान मैंने स्वयं जोशीमठ में कैंप किया। हर शिविर, अस्पताल में जाकर लोगों से मुलाकात की।

उन्होंने कहा कि जोशीमठ नरसिंह देवता, आदिगुरु शंकराचार्य की भूमि है। ये पौराणिक और सामरिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण भूमि है। जोशीमठ क्षेत्र अपने मूल एवं पौराणिक स्वरूप में बना रहे, इसके लिए प्रधानमंत्री, गृहमंत्री द्वारा स्वयं यहां की चिंता की गई। केंद्र सरकार के सहयोग से हमें 1700 करोड़ की धनराशि जोशीमठ के पुनर्निर्माण व नवनिर्माण के लिए मिले। कहा जोशीमठ के लिए जिस कार्य की जरूरत होगी, वो कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनिल बलूनी के गढ़वाल सांसद चुने जाने के बाद भारत सरकार में इस क्षेत्र की पैरवी करना आसान हो जाएगा। कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भगवान बद्रीविशाल के पुनर्निर्माण का कार्य जारी है। माणा तक सड़क का कार्य जारी है। प्रधानमंत्री ने माणा को देश के अंतिम गांव की जगह देश के पहले गांव की संज्ञा दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में कई ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। चारधाम के लिए ऑलवेदर रोड का निर्माण हुआ है। एक समय जोशीमठ से ऋषिकेश पहुंचने में पूरा दिन लग जाता था, आज कुछ ही घंटे में यह दूरी तय हो जाती है। कहा लोगों के जीवन में बदलाव आया है। पहले पानी के लिए लंबी-लंबी लाइन लगती थी, आज हर घर नल से जल पहुंच रहा है। पहले जंगलों से लकड़ी लाकर घर में खाना बनाया जाता था, आज उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीबों को 5 लाख तक का मुफ्त इलाज दिया जा रहा है। जनधन योजना, किसान समृद्धि योजना, पीएम आवास योजना, गरीब कल्याण अन्न योजना चलाई जा रही है। उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीर भूमि है, यहां के लोगों ने कश्मीर को बचाने के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। उस कश्मीर से धारा 370 हटाने का खात्मा पीएम मोदी ने किया। सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन लागू किया। कहा कि सैनिकों का अपमान करने वाले कांग्रेस के लोग, आज सेना के हितैषी बनने का ढोंग रच रहे हैं। कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में श्रीराम मंदिर का निर्माण कार्य हुआ है। इस बार रामनवमी पर भगवान राम अपना जन्मदिन अपने महल में मनाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से राज्य सरकार ने कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। राज्य में समान नागरिक संहिता विधेयक पास हो गया है। भाजपा के संकल्प पत्र में समान नागरिक संहिता लागू करने का संकल्प लिया गया है। कांग्रेस पार्टी देश में मुस्लिम पर्सनल लॉ लागू करने की बात करती है। कांग्रेस के लोग पहले की तरह आज भी तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button