Blog

श्रीमद् भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यह समाज को नैतिकता के मूल्यों से जोड़ने का माध्यम : अग्रवाल

ऋषिकेश । ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गढ़ी श्यामपुर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने सम्मिलित होकर कथा का श्रवण किया। इस अवसर पर उन्होंने कथावाचक जयकिशन अन्थवाल से आशीर्वाद प्राप्त कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए अग्रवाल ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यह समाज को नैतिकता, संस्कार और मानवता के मूल्यों से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा लोगों को जीवन जीने की सही दिशा मिलती है। अग्रवाल ने गौसेवा के महत्व पर विशेष बल देते हुए कहा कि हमें गाय माता के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव रखना चाहिए। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से अपील की कि आवारा पशु कहने के स्थान पर “निराश्रित गोवंश” शब्द का प्रयोग करें, जिससे हमारे संस्कार और संवेदनशीलता का परिचय मिलता है। उन्होंने कहा कि नवजात बछिया का पालन-पोषण तो किया जाता है, लेकिन बछड़ों और वृद्ध गायों को अक्सर सड़कों पर छोड़ दिया जाता है, जो अत्यंत चिंताजनक और अमानवीय है। समाज को इस प्रवृत्ति को बदलने की आवश्यकता है।
इसके साथ ही उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि धार्मिक आस्था से जुड़े भगवान के चित्रों और मूर्तियों को इधर उधर न डालें, क्योंकि यह हमारी आस्था और संस्कृति का अपमान है। उन्होंने कहा कि ऐसे चित्रों का सम्मानपूर्वक विसर्जन या उचित स्थान पर सुरक्षित रखने की परंपरा को अपनाना चाहिए। अग्रवाल ने क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कथा स्थल पर टीन शेड निर्माण हेतु विधायक निधि से 5 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की, जिससे भविष्य में ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिल सके।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान बॉबी रांगड़, पंचायत सदस्य शुभांकित रावत, प्रीतपाल सिंह, दिगंबर रावत सहित महिला मंगल दल, युवक मंगल दल के सदस्य अन्य उपस्थित रहे।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button