एक्सक्लूसिव खबरें

उत्तराखंड वन विकास निगम के अध्यक्ष का लंबी बीमारी के बाद निधन

देहरादून ( राव शहजाद ) । उत्तराखंड में अपनी अलग तरह की राजनीति के लिए जाने जाने वाले चंपावत के पूर्व विधायक कैलाश गहतोड़ी के निधन से उत्तराखंड में शोक की लहर है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए चंपावत विधानसभा से विधायकी छोड़ने वाले पूर्व विधायक व उत्तराखण्ड वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी का निधन हो गया है। उन्होंने अपनी अंतिम सांस देहरादून के दून हॉस्पिटल में ली।

कैलाश गहतोड़ी बीते लंबे समय से गंभीर बीमारी से अस्वस्थ चल रहे थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व भाजपा नेताओं ने उनके आकस्मिक निधन पर दुख जताया है। वहीं कांग्रेस नेता व नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी कैलाश गहतोड़ी के निधन पर शोक जताया।

आपको बता दें कि उत्तराखंड के 2022 के विधानसभा चुनाव में खटीमा सीट से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की हार हो जाने पर चंपावत से जीत कर आये विधायक कैलाश गहतोड़ी ने 21 अप्रैल 2022 को अपनी विधान सभा से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत से चुनाव लड़ा और भारी मतों से जीत हासिल की थी।

इसके बदले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहतोड़ी को उत्तराखंड वन विकास निगम का अध्यक्ष का दायित्व सौंपा था।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक जाते हुए कहा है कि …

वन विकास निगम के अध्यक्ष, पूर्व विधायक, प्रिय मित्र और बड़े भाई श्री कैलाश गहतोड़ी जी के निधन का पीड़ादायक समाचार सुन स्तब्ध हूं। कैलाश जी का जाना संगठन, प्रदेश के साथ-साथ मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है।

इस असीम कष्ट को शब्दों में बयान नहीं कर पा रहा हूँ। आपने अपना पूरा जीवन जनसेवा में खपा दिया, आप एक आदर्श जनप्रतिनिधि के रूप में सदैव याद किए जाएँगे। एक विधायक के रूप में चम्पावत क्षेत्र के विकास के प्रति आपका समर्पण हमारे लिए प्रेरणास्रोत है।

राजनीति और जनसेवा के क्षेत्र में आपसे मिला सानिध्य इतना आत्मीय और हृदय के निकट था कि आज विश्वास करना अत्यंत कठिन है कि आप हमारे बीच नहीं हैं। एक अच्छे मित्र और बड़े भाई के रूप में आप सदैव याद आएंगे। चम्पावत के विकास को लेकर जो आपके संकल्प थे उन्हें पूर्ण करने की दिशा में हम समर्पित होकर कार्य करेंगे।

Related Articles

Back to top button